बस्ती। ऑटो रिक्शा जन कल्याण समिति ने जिले में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों की जांच पूरी होने तक प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म के वितरण पर रोक लगाने की मांग की है। समिति के जिला संरक्षक महेन्द्र श्रीवास्तव ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की अपील की है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में महेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के आशा मोटर ट्रेनिंग स्कूल, प्रशांत मोटर ट्रेनिंग स्कूल और अवध मोटर ट्रेनिंग स्कूलों में प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं 5 ए फार्म के वितरण की प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके आधार पर संबंधित मोटर ट्रेनिंग स्कूलों की जांच की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच जारी रहने के बावजूद इन स्कूलों में प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म का वितरण पहले की तरह किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है।
उन्होंने बताया कि एआरटीओ प्रशासन माला बाजपेयी ने समिति को पंजीकृत पत्र भेजकर 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वार्ता के लिए बुलाया था। हालांकि, निर्धारित समय पर उनके अनुपस्थित रहने के कारण वार्ता नहीं हो सकी। इससे समिति के पदाधिकारियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
महेन्द्र श्रीवास्तव ने मांग की कि जांच पूरी होने तक संबंधित मोटर ट्रेनिंग स्कूलों में प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म के वितरण पर रोक लगाई जाए। साथ ही विभागीय अधिकारी समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान करें और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराएं।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment