गोरखपुर। बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में जिला महिला चिकित्सालय में जन्मी 20 नवजात बालिकाओं के जन्म की खुशी में केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। साथ ही नवजात बालिकाओं और उनके परिजनों को बेबी किट वितरित की गईं। इस पहल के जरिए समाज को बेटियों के जन्म पर खुशियां मनाने और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया।
- स्वास्थ्य जांच कर महिलाओं को किया जागरूक
कार्यक्रम के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में करीब 100 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य अधीक्षक तथा स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment