<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, October 28, 2026

संत कबीर नगर में 136 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ


सामूहिक विवाह में दिलाई गई लैंगिक समानता की शपथ

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद मुख्यालय स्थित ओम रिजॉर्ट एंड मैरिज लॉन, सियरा सांथा, धनघटा रोड पर 136 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देने के साथ लैंगिक समानता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में खलीलाबाद के विधायक अंकुर राज तिवारी और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से बिना जाति और धर्म का भेदभाव किए पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। इससे गरीब माता-पिता को बेटियों की शादी के खर्च की चिंता से राहत मिल रही है।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, अभिभावकों और वर-वधू का स्वागत करते हुए आयोजन की सफलता पर शुभकामनाएं दीं।

मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने वर-वधू पक्ष के परिजनों का स्वागत करते हुए नवविवाहित जोड़ों के सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों और सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।

समारोह में जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, संबंधित विकास खंडों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages