<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, October 20, 2026

नमो घाट पर गूंजेगी भारतीय वायु सेना की शक्ति, 100 विमान दिखाएंगे हवाई करतब


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

वाराणसी। भारतीय वायु सेना के राष्ट्रसेवा में 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर ‘इंडियन एयर फोर्स एयर शो-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। गंगा के ऊपर होने वाला यह भव्य हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगेज’ थीम पर आधारित होगा। इसमें 100 विमान भाग लेकर भारतीय वायु एवं अंतरिक्ष शक्ति, आधुनिक तकनीक और वायु योद्धाओं की दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

हवाई प्रदर्शन में 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल होंगे। ये विमान देश के 12 वायु अड्डों से उड़ान भरेंगे। भारतीय वायु सेना के गरुड़ विशेष बल भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

प्रदर्शन में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और स्वदेशी एलसीए तेजस जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता दिखाएंगे। वहीं, सी-17 ग्लोबमास्टर, सी-130, सी-295 और एएन-32 परिवहन विमानों के साथ चिनूक, अपाचे, एलसीएच, एएलएच और एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर भी आकर्षण का केंद्र होंगे। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने रोमांचक करतब प्रस्तुत करेंगी।

कार्यक्रम में ‘काशी’ फॉर्मेशन के तहत तीन किरण विमान विजय के प्रतीक ‘वी’ आकार में उड़ान भरते हुए आकाश को तिरंगे के रंगों से सजाएंगे। ‘वरुणा’ फॉर्मेशन में थल सेना और वायु सेना के हेलीकॉप्टर रस्सी के सहारे जवानों को उतारने का प्रदर्शन करेंगे। ‘प्रचंड’ फॉर्मेशन में छह लड़ाकू विमान अपनी युद्ध क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रदर्शित भारतीय वायु सेना की सामरिक क्षमता को समर्पित किया गया है।

इसके अलावा ‘त्रिदेव’ फॉर्मेशन में थल सेना, नौसेना और वायु सेना के हेलीकॉप्टर संयुक्त कार्यक्षमता दिखाएंगे। ‘अस्सी’ फॉर्मेशन में स्वदेशी तेजस विमान कम ऊंचाई पर एरोबेटिक करतब करेगा। वहीं, सी-17 ग्लोबमास्टर के नेतृत्व में सूर्यकिरण टीम का फ्लाईपास्ट दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगा।

गंगा के ऊपर होने वाला यह आयोजन युवाओं को वायु सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के साथ देश की रक्षा के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगा।


No comments:

Post a Comment

Pages