गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर की रविवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर कर्मचारियों ने एकजुटता का संकल्प दोहराया। जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में NPS और UPS को लेकर कर्मचारियों की आपत्तियों तथा कर्मचारी संगठनों की एकजुटता पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सभी प्रांतीय और केंद्रीय संगठन एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि अलग-अलग पेंशन व्यवस्थाओं के विकल्पों से कर्मचारी संगठनों के बीच भ्रम और मतभेद की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने सभी संगठनों से एक मंच पर आने की अपील की।
सौरभ ने कहा कि कर्मचारियों की मांग स्पष्ट है। उन्हें NPS और UPS के बजाय पुरानी पेंशन योजना की पूर्ण बहाली चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बुढ़ापे की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए OPS की बहाली जरूरी है और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में वरिष्ठ कर्मचारी नेताओं अनूप कुमार, पंडित श्याम नारायन, अशोक पांडेय, इजहार अली, सुभाष पांडेय, रामधनी पासवान और रवि शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। नेताओं ने कहा कि पेंशन के मुद्दे पर सभी कर्मचारी संगठन आपसी मतभेद भुलाकर साझा मंच पर आएं। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर पुरानी पेंशन की मांग को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment