वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं से गन्ने की फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए बजाज चीनी मिल रुधौली के अधिकारियों ने गेट से लेकर विभिन्न गन्ना क्रय केंद्रों तक खेतों का निरीक्षण किया। सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडेय के नेतृत्व में टीम ने भरवलिया, लकड़ा, हरदा, कुम्हिया, मदारीपुर, नरौली, चंगेरवा, यादव बनगांव, मुंडेरवा, रक्षा, सीस्वरी, बदन सिंह, कसैला, रामापुर, जलालपुर, भोयर उपाध्याय, बभनियांव बुजुर्ग व खुर्द, बहादुरपुर, कुसौरा और गौसपुर समेत कई गांवों में पहुंचकर फसल की स्थिति देखी।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि बारिश और तेज हवा से खेतों में गिरी गन्ने की फसल को 24 घंटे के भीतर उठाकर बांध दें, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि गन्ना गिरने से उसकी पैदावार प्रभावित होती है और उत्पादन में कमी आने के साथ जंगली जानवरों से नुकसान का खतरा भी बढ़ जाता है।
सीनियर गन्ना अधिकारी ने बताया कि मिल स्तर से लगातार गिरी हुई फसल का आकलन किया जा रहा है और प्रतिदिन रिपोर्ट भेजी जा रही है। किसानों को फसल बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए गांव-गांव कृषक गोष्ठियां भी आयोजित की जा रही हैं। फील्ड सुपरवाइजरों को खेत-खेत जाकर गिरी फसल का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान रामरेखा यादव, संत राम यादव, हरिराम यादव, विश्वनाथ यादव, शिवपूजन चौधरी, जगन्नाथ चौधरी, धर्मेंद्र यादव, रामपुर यादव, जगदंबा पांडेय, बृजभूषण यादव, राम बहोरिया, रामबचन यादव समेत क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment