महादेवा (बस्ती)। महादेवा-बनकटी मार्ग पर बरोहिया गांव के पास सड़क की ओर झुकी झाड़ियां और लटकती स्ट्रीट लाइट राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। सड़क किनारे उगी झाड़ियों का काफी हिस्सा मार्ग की ओर आ गया है, जिससे सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित हो रही है। वहीं, कई सप्ताह से सड़क की ओर लटक रही स्ट्रीट लाइट भी जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
- खबर प्रकाशित होने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट के लटकने की समस्या को लेकर पहले भी खबर प्रकाशित हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक इसे सुरक्षित कराने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। सड़क किनारे झाड़ियों और सूखे पेड़ों की नियमित कटाई-छंटाई नहीं होने से मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- प्रमुख मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में
महादेवा-बनकटी मार्ग जिले के मुख्यालय को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क की ओर झुकी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती। लटकती स्ट्रीट लाइट भी वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर झाड़ियों की कटाई-छंटाई, सूखे पेड़ों को हटाने और स्ट्रीट लाइट को सुरक्षित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी संभावित हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

No comments:
Post a Comment