वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। आयुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्घटनाओं को कम करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए स्वचालित यातायात प्रबंधन प्रणाली के कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग पर गति सीमा सहित विभिन्न प्रकार के यातायात संकेतक स्थापित कराने को कहा गया। दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत के लिए गश्ती वाहनों में गैस काटने वाली मशीन तथा उन्नत जीवन रक्षक सुविधा वाली एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई तथा अधिक भार वाले वाहनों की सूची नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया। अखिल भारतीय पर्यटक परमिट वाली बसों से यात्रियों को सुरक्षित उतारने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए गए विश्राम क्षेत्रों को अस्थायी बस अड्डे के रूप में उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर में सड़क दुर्घटनाओं तथा मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कारणों का विश्लेषण करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने तथा चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्यवाही कर दुर्घटनाओं में कमी लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता, चंद्रेश कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन फरीदउद्दीन, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुरेश कुमार मौर्य, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक अवनीत सिद्धार्थ सहित लोक निर्माण, पुलिस, परिवहन, शिक्षा और परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment