<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 28, 2026

दस साल से पदोन्नति का इंतजार, शिक्षकों ने शासन से लगाई गुहार


बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में करीब एक दशक से पदोन्नति की राह देख रहे शिक्षकों का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के पद रिक्त होने के बावजूद पदोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। संघ ने तत्काल पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कराने के साथ ही 69000 शिक्षक भर्ती के शिक्षकों के ब्रिज कोर्स में 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की है।
सोमवार को जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा। जिला मंत्री ने कहा कि पात्र शिक्षक करीब दस वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। दूसरी ओर बड़ी संख्या में विद्यालयों में प्रधानाध्यापक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इससे विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि रिक्त पदों का विवरण तैयार कर पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी की जानी चाहिए। लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण शिक्षकों में निराशा है। संघ ने शासन से इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लेने की मांग की।
जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर तिवारी और जिला उपाध्यक्ष रवीश कुमार मिश्र ने 69000 शिक्षक भर्ती के तहत वर्ष 2020-22 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि निर्धारित छह माह का ब्रिज कोर्स समय से नहीं कराया गया। अब लिखित परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक हासिल करने की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों में असंतोष है। संघ का कहना है कि नियुक्ति के समय ऐसी शर्त का प्रावधान नहीं था।
शिक्षक संघ ने मांग की कि 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता समाप्त करते हुए शिक्षकों को निर्धारित छह माह का ब्रिज कोर्स ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से पूरा कराने की व्यवस्था की जाए। साथ ही करीब दस वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर पात्र शिक्षकों को इसका लाभ दिया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला संयुक्त मंत्री प्रवीण श्रीवास्तव, सुरेश गौंड, सनद पटेल, हरेन्द्र यादव, संजीव सिंह, उत्तम दूबे, संतोष पाण्डेय, वीरेन्द्र शुक्ल, बृजेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages