बस्ती। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (एबीपीए) की ओर से बनकटा स्थित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक औषधियां और फल वितरित किए गए। इस दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन, सरस्वती पूजन एवं फीता काटकर किया गया। शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें दवाओं के उचित एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी। स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों को दवाओं की सही जानकारी देने, उनके सुरक्षित उपयोग और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। प्रदेश सचिव विजय पाण्डेय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य संगठन की प्राथमिकता हैं।
एबीपीए जिलाध्यक्ष गिरिजेश सेन ने कहा कि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संगठन का सामाजिक दायित्व है। फार्मासिस्ट केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एबीपीए आगे भी जनहित से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
कार्यक्रम में बस्ती मंडल अध्यक्ष प्रर्मेन्द्र कुमार गौतम, मंडल उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद, आईटी सेल जिलाध्यक्ष मो. फारूक अब्दुल्लाह, जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ प्रताप सिंह, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन यादव, जिला महासचिव वैभव श्रीवास्तव, कार्यक्रम प्रभारी अश्वनी चौधरी, मीडिया प्रभारी धर्मनाथ एवं धर्मेंद्र कुमार सहित संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
शिविर में डॉ. शशि, डॉ. पंकज, डॉ. मनीष पाण्डेय, डॉ. रेनू, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. विवेक एवं डॉ. कुशवाहा सहित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं। स्वास्थ्य एवं जनसेवा में सहयोग करने वाले चिकित्सकों तथा सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में जनहित में निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया।

No comments:
Post a Comment