वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना की जनपद स्तरीय स्वीकृति समिति (डीएलसी) की बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्य प्रकाश और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र ने बताया कि 1200 लाभार्थियों के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 1375 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें पूर्व चरणों में 406 लाभार्थियों को ई-कुबेर के माध्यम से 81.20 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
डीएलसी की समीक्षा के बाद विभागीय स्तर पर सत्यापित एवं संस्तुत 651 पात्र आवेदकों को अनुदान के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। प्रथम किस्त के अवशेष 38.80 लाख रुपये के बजट से ‘प्रथम आवक-प्रथम पावक’ के आधार पर 194 पात्र लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये की दर से भुगतान की कार्रवाई की जा रही है।
शेष 457 स्वीकृत लाभार्थियों के भुगतान के लिए द्वितीय किस्त के 91.40 लाख रुपये का मांग पत्र 22 सितंबर को निदेशालय भेजा जा चुका है। बजट मिलते ही प्राथमिकता के आधार पर ई-कुबेर से सीधे भुगतान किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, विधायक खलीलाबाद प्रतिनिधि मुरलीधर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment