खलीलाबाद (संतकबीरनगर)। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने मंगलवार को सर्किट हाउस खलीलाबाद में पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना की उपस्थिति में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने अपराधों की समीक्षा कर अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। गंभीर एवं अनावरित अपराधों का शीघ्र सफल अनावरण करने तथा लंबित विवेचनाओं, विभागीय कार्यवाहियों और प्रारंभिक जांचों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसिंग में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए यक्ष ऐप का शत-प्रतिशत एवं सही उपयोग करने पर जोर दिया। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित, निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान कराने को कहा, जिससे भविष्य में विवादों के कारण अप्रिय घटनाएं न हों।
आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पीस कमेटी की बैठकें और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में डीआईजी ने अधिकारियों से पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment