गोरखपुर। महंगाई एवं बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष अताउल्लाह शाही ने मंगलवार को जिलाधिकारी गोरखपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर होने के कारण आम आदमी का जीवन कठिन हो गया है। गलत नीतियों और प्रशासनिक अक्षमता के चलते महंगाई पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिससे अपराध एवं भ्रष्टाचार बढ़ रहे हैं और जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
पीस पार्टी ने सरकार से महंगाई एवं भ्रष्टाचार संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा जमाखोरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई।
ज्ञापन में पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट बंद कर डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस के दाम कम करने, दवाओं और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं की बढ़ती लागत पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस नियंत्रित करने की मांग की गई। इसके अलावा शिक्षा को आम एवं मध्यम वर्ग के छात्रों की पहुंच में रखने, मोबाइल रिचार्ज और इंटरनेट सेवाओं की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने तथा महंगाई से प्रभावित गरीब किसान, मजदूर और छोटे दुकानदारों को राहत देने की मांग भी उठाई गई।
जिलाध्यक्ष अताउल्लाह शाही ने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आम जनता को राहत प्रदान करने का आग्रह किया।

No comments:
Post a Comment