संतकबीरनगर। बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को महुली थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र की मौजूदगी में हुई।
बैठक में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। अधिकारियों ने बारावफात के दौरान निकलने वाले जुलूस और कार्यक्रमों के मार्ग, समय एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रयोग करने की अपील की गई।
जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए रूट एवं ट्रैफिक प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्र ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में आमजन के साथ खड़ा है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से करने की अपील की।

No comments:
Post a Comment