वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। हिंदू युवा वाहिनी जनपद बस्ती इकाई की बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कांवरिया शिवभक्तों की सेवा के लिए चिकित्सीय सेवा शिविर एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जिला महामंत्री हिंदू युवा वाहिनी विनय सिंह ने कांवरिया भक्तों से अपील की कि वे शिवभक्ति में लीन होकर अयोध्या से पवित्र जल उठाकर अपने संकल्पित शिव मंदिरों में जलाभिषेक करें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान रास्ते में आते-जाते समय सभी श्रद्धालु सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
उन्होंने श्रद्धालुओं को सावधान करते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व भगवा वस्त्र पहनकर कालनेमि के रूप में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित लोगों अथवा पुलिस को देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांवरिया भक्त शांति एवं सद्भाव के साथ अपनी यात्रा पूरी करें तथा मन और तन की पवित्रता बनाए रखते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक करें।
बैठक में जिला महामंत्री कन्हैयालाल, रवि सिंह, यशवंत सिंह, अवधेश मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, प्रमोद सिंह, प्रमोद पांडे, सूरज मिश्रा, सोनू सिंह, दीपक सिंह, राकेश सिंह, पंकज चौधरी, उमेश कनौजिया, बबलू सिंह, विनोद पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment