<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, August 5, 2026

शांतिकुंज के पूर्व व्यवस्थापक शिवप्रसाद मिश्रा को गायत्री परिवार ने दी श्रद्धांजलि

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। गायत्री शक्तिपीठ/गायत्री परिवार ट्रस्ट बस्ती में मंगलवार शाम शांतिकुंज हरिद्वार के पूर्व व्यवस्थापक एवं श्री वेदमाता गायत्री ट्रस्ट हरिद्वार के ट्रस्टी शिवप्रसाद मिश्रा के निधन पर शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शक्तिपीठ के वरिष्ठ परिव्राजक एवं ट्रस्टी राम प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि शिवप्रसाद मिश्रा का आकस्मिक निधन गायत्री परिवार के लिए अत्यंत गहरा और असहनीय आघात है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन सादगी, सच्चाई और परोपकार का अनुपम उदाहरण था। वे सदैव समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहते थे और मिशन के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करते रहे।

सहायक प्रबंध ट्रस्टी रामचंद्र शुक्ल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शिवप्रसाद मिश्रा शांतिकुंज के प्रखर वक्ता, कर्मकांडी और ऊर्जावान व्यक्तित्व के धनी थे। गुरुदेव की प्रेरणा तथा परिवार, विशेषकर माताजी की सहर्ष सहमति से वर्ष 1972 में वे अपनी धर्मपत्नी के साथ जीवनदानी कार्यकर्ता के रूप में शांतिकुंज पहुंचे। तब से लेकर अंतिम समय तक उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए अपना संपूर्ण जीवन गायत्री मिशन को समर्पित रखा।

उन्होंने कहा कि संसार का अटल सत्य है कि जो इस दुनिया में आया है, उसे एक दिन जाना ही है, लेकिन कुछ लोग अपने पीछे ऐसा शून्य छोड़ जाते हैं जिसे भर पाना संभव नहीं होता। इस दुखद घड़ी में गायत्री परिवार ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

No comments:

Post a Comment

Pages