<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, August 24, 2026

नवोदय विद्यालय में डीएम ने परखी व्यवस्थाएं, बच्चों संग किया भोजन


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, रुधौली का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय, भोजन एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, छात्रावास, रसोईघर एवं परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले रसोईघर में विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और स्वयं भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। भोजन संतोषजनक मिलने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की तथा नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोईघर में स्वच्छता और खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के रहने के कमरों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए।

कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान देने को कहा।

उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन एवं आवासीय सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रुधौली अहमद फरीद खान, प्रधानाचार्या अमिता सक्सेना सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages