वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रव्यापी पहल के तहत 1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और प्रमुख शैक्षणिक संस्थान एक साझा मंच पर जुड़ेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी होगा।
इस पहल का उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों और युवाओं को देश के खेल एवं युवा पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य से जुड़े अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा करने का अवसर देना है। IIT, IIM, NIT, AIIMS, प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों सहित अनेक शिक्षण संस्थान इसमें भाग लेंगे।
कार्यक्रम में युवाओं के साथ चार प्रमुख विषयों पर संवाद होगा। इनमें जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं और कोचिंग का विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभाओं की पहचान एवं विकास, युवा नेतृत्व और शासन में भागीदारी तथा भविष्य के कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र-निर्माण के अवसर शामिल हैं।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण युवाओं और देश के प्रमुख खिलाड़ियों के बीच सीधा संवाद होगा। दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, पी.आर. श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा सहित अनेक खिलाड़ी युवाओं से संवाद करेंगे।
सांसदों, विधायकों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों और राज्य के खेल मंत्रियों की भी भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही विकसित भारत युवा नेता संवाद क्विज और MY Bharat Portal पर पंजीकरण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं और अनुभवों को खेल एवं युवा नीति के साथ जोड़कर भारत के खेल भविष्य को नई दिशा देना है।

No comments:
Post a Comment