केंद्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार बस्ती आगमन, 100 से अधिक स्थानों पर स्वागत की तैयारी
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। केंद्रीय संगठन में नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा के पूर्व सांसद एवं केंद्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का सोमवार को बस्ती में प्रथम आगमन हो रहा है। उनके स्वागत को लेकर शहर से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। जगह-जगह पोस्टर, बैनर और स्वागत द्वार लगाए गए हैं तथा जिले में 100 से अधिक स्थानों पर अभिनंदन की तैयारियां की गई हैं।
इस स्वागत समारोह का सियासी आकर्षण उस समय और बढ़ गया है, जब खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण चौबे उर्फ जय चौबे अपने हजारों समर्थकों के साथ बस्ती पहुंचकर हरीश द्विवेदी का स्वागत करेंगे। जय चौबे के बड़े काफिले के साथ पहुंचने की खबर ने कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
हरीश द्विवेदी को केंद्रीय संगठन में मिली जिम्मेदारी के बाद उनका यह पहला बस्ती दौरा है। ऐसे में स्वागत के जरिए स्थानीय संगठन और समर्थकों की ताकत का प्रदर्शन भी अहम माना जा रहा है। शहर से लेकर हाईवे तक नजर आ रहे पोस्टर-बैनर और अलग-अलग स्थानों पर होने वाले स्वागत कार्यक्रम इसकी व्यापक तैयारी की गवाही दे रहे हैं।
राजनीतिक रूप से भी इस पूरे आयोजन पर निगाहें टिकी हैं। खासकर जय चौबे का हजारों समर्थकों के साथ हरीश द्विवेदी के स्वागत में शामिल होना कार्यक्रम को महज स्वागत समारोह से आगे एक बड़े सियासी संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि हरीश द्विवेदी के स्वागत में उमड़ने वाली भीड़ और नेताओं के समर्थकों की सक्रियता बस्ती की सियासत में किस तरह का संदेश देती है।

No comments:
Post a Comment