वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 में सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी के नेतृत्व में घर-घर जाकर सर्वे कराया गया। सर्वे का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों की पहचान करना है, जो अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं प्राप्त कर सके हैं।
सर्वे के दौरान टीम ने प्रत्येक घर पहुंचकर परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, आवास की स्थिति तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एकत्र की। सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी ने बताया कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से वार्ड में व्यापक स्तर पर सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वे में चिन्हित पात्र परिवारों का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाएगा, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि सर्वे टीम को सही जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देने से बचें, क्योंकि सभी विवरणों का सत्यापन किया जाएगा। वार्ड के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों को अब सरकारी सहायता मिल सकेगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सर्वे निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूरा हुआ तो जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
सर्वे कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान पीपीगंज नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि गुड्डू रावत, डूडा के कर्मचारी विवेक कुमार चौधरी, आशीष कुमार, दिनेश कुमार, लक्ष्मण कुमार, मोनू कुमार, सोनू कुमार, आकाश कुमार, किशन कुमार तथा टाउन एरिया के कर्मचारी शिवम जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment