बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के थरौली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं जन आन्दोलन संघर्ष न्याय मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभयदेव शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को पत्र देकर सोशल मीडिया फेसबुक पर ब्राह्मण समाज की मां, बहनों और बेटियों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक, अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए पत्र में अभयदेव शुक्ला ने आरोप लगाया है कि ‘समीर जाटव’ नाम से संचालित एक फेसबुक प्रोफाइल तथा एक कथित फर्जी आईडी के माध्यम से जानबूझकर सामाजिक वैमनस्य फैलाने, धार्मिक उन्माद पैदा करने और ब्राह्मण समाज की महिलाओं के खिलाफ अभद्र एवं अश्लील टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उक्त कृत्यों से समाज में आक्रोश व्याप्त है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मैसेंजर और चैट के माध्यम से पीड़ित पक्ष हर्षित दुबे एवं ब्राह्मण समाज की महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है तथा कथित रूप से एक आपत्तिजनक पोस्टर भी प्रसारित किया गया, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। पत्र में कहा गया है कि जातिसूचक और क्षेत्रवार टिप्पणियों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच नफरत और वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
अभयदेव शुक्ला ने मामले की जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को पत्र देने के दौरान कैलाशधर दूबे, सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, अमित तिवारी, अनिल मिश्र, अजय पाण्डेय, हर्षित दूबे, राजकुमार पाण्डेय, सोनू पाठक और उदय प्रताप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment