<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 17, 2026

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की होगी निर्णायक भूमिका : डॉ. मनसुख मांडविया

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


लखनऊ। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के युवा मामले विभाग की ओर से माय भारत के माध्यम से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए 1500 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा की भावना और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करते हुए विकसित भारत-2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

मुख्य अतिथि केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि अमृतकाल के अगले 25 वर्ष युवाओं के हैं। विकसित भारत को वर्तमान पीढ़ी देखेगी, लेकिन उसमें जीवन युवा पीढ़ी जिएगी, इसलिए विकसित भारत का निर्माण करना युवाओं का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है, जो भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से कर्तव्य, सेवा और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटने का आह्वान किया।

डॉ. मांडविया ने माय भारत पोर्टल को युवाओं के लिए 'वन स्टॉप सॉल्यूशन' बताते हुए कहा कि यह मंच स्वयंसेवा, रोजगार, कौशल विकास, सामुदायिक सेवा और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने प्रत्येक स्वयंसेवक से अगले तीन माह में कम से कम 300 युवाओं को माय भारत मंच से जोड़ने तथा 100 सक्रिय युवा क्लबों का पंजीकरण कराने का आह्वान किया। साथ ही 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत' अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि माय भारत युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी मंच बन चुका है। युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि सेवा भावना से प्रेरित युवाओं की ऊर्जा सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में 'नेशन फर्स्ट चैलेंज' के शीर्ष पांच विजेताओं को सम्मानित किया गया। स्वयंसेवकों ने संवादात्मक सत्रों में भाग लेने के साथ 'नशा मुक्त भारत' की शपथ ली और सेवा, अनुशासन व समर्पण के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages