वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा ने बताया कि जनपद में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि रक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अनुदानित कृषि रक्षा सामग्री के प्रभावी वितरण के उद्देश्य से कृषि रक्षा इकाइयों कप्तानगंज, हरैया एवं गौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कृषि रक्षा इकाइयों के प्रभारी, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों की उपस्थिति में समीक्षा की गई।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सब्सिडी पर उपलब्ध सामान्य कृषि रक्षा रसायनों तथा समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों तक वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र किसानों को शासन द्वारा निर्धारित अनुदान का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने क्षेत्रीय कर्मचारियों को नियमित रूप से किसानों के खेतों का भ्रमण कर फसलों का निरीक्षण करने, वर्तमान मौसम के अनुसार संभावित कीट एवं रोगों की समय रहते पहचान करने तथा किसानों को उनके नियंत्रण एवं समेकित प्रबंधन के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर उचित सलाह मिलने से फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
रतन शंकर ओझा ने सभी प्रभारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कृषि विभाग की योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा कृषि रक्षा संबंधी सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
No comments:
Post a Comment