गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी महानगर गोरखपुर के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा पर्व अभियान के तहत महानगर के सभी दस मंडलों में श्रद्धा और भक्ति के साथ गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर के करीब 100 मठ-मंदिरों में पूज्य गुरुओं, संतों और पुजारियों को अंगवस्त्र, रामचरितमानस पुस्तक एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया।
गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्री गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज का सम्मान किया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, युधिष्ठिर सिंह एवं गुरु पूर्णिमा पर्व अभियान के महानगर संयोजक व महामंत्री अच्युतानंद शाही सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के क्रम में दीनदयाल नगर मंडल के बेतियाहाता स्थित हनुमान मंदिर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता, अभियान संयोजक अच्युतानंद शाही, रणविजय शाही एवं मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने मंदिर के पुजारियों को सम्मानित किया।
इसी प्रकार गीता नगर मंडल के हनुमान गढ़ी बसंतपुर, मालवीय नगर मंडल के शिव मंदिर गिरधरगंज, पंचमुखी हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास, काली मंदिर गोलघर, विष्णु मंदिर भेड़ियागढ़, शिव मंदिर भौवापार, आवास विकास हनुमान मंदिर, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुक्तेश्वर नाथ मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने गुरुजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रमों में सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदेश व क्षेत्रीय पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि गुरु पूर्णिमा ज्ञान, भक्ति और समर्पण का पर्व है। गुरु जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाकर सही मार्ग दिखाते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और उनका सम्मान हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि महानगर के सभी मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करना है।

No comments:
Post a Comment