वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद किया गया।
अभियान के तहत सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं, स्कूली छात्राओं तथा आम नागरिकों को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों की जानकारी दी। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके कानूनी अधिकारों तथा आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतर्गत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने भिटवा टोला, कबीर चौरा मगहर एवं मोहम्मदपुर कछार, महिला थाना पुलिस ने मेहदावल बाईपास, थाना धनघटा पुलिस ने ग्राम बइसा एवं हरेवा, थाना महुली पुलिस ने ग्राम महादेवा, थाना मेंहदावल पुलिस ने नायक टोला एवं एसबीआई बैंक तिराहा तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने कसया एवं मेहदुपार क्षेत्र में महिलाओं, बालिकाओं और स्कूली छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया।
इस अवसर पर महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों तथा हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment