बस्ती। नदियों को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद बस्ती की अध्यक्ष नेहा वर्मा एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अंकुर वर्मा के नेतृत्व में कुंआनो नदी के अमहट घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, पालिका कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर नदी तट की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने कहा कि कुंआनो नदी बस्ती की जीवनरेखा है और वर्तमान में प्रदूषण की चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर पालिका द्वारा इस दिशा में चरणबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने श्रमदान कर रहे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया तथा सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं, इसलिए उनकी स्वच्छता के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने कहा कि नदियों के अस्तित्व को बचाने और उन्हें प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प के साथ विशेष सफाई अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से नदियों को स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नदियों में पॉलीथीन, प्लास्टिक तथा अन्य प्रकार का कूड़ा-कचरा न फेंकें। सरकार और प्रशासन नदियों को स्वच्छ रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, लेकिन जनसहयोग के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता।
अभियान के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अवधेश यादव, विक्रम चौहान, विवेक श्रीवास्तव, सूरज गुप्ता, अरुण पाण्डेय सहित नगर पालिका के सभी सफाई नायक, बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment