<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 2, 2026

नकली खाद-बीज के कारोबार से किसान परेशान, जांच की मांग तेज


महादेवा (बस्ती)। जनपद बस्ती के महादेवा, कुरियार, लालगंज, बनकटी, दईसांड, पाकड़डांड, कनेहटी, रौतापार और मुंडेरवा समेत कई ग्रामीण बाजारों में नकली खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं की बिक्री का आरोप किसानों ने लगाया है। किसानों का कहना है कि गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के बजाय कुछ दुकानदार बिना गारंटी और आवश्यक जानकारी दिए बीज बेच रहे हैं, जिससे बुवाई के बाद अंकुरण प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों के अनुसार कई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने के बावजूद खरीद की रसीद नहीं देते। उत्पाद की गुणवत्ता या रसीद मांगने पर अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर दुकानों पर न तो रेट लिस्ट प्रदर्शित है और न ही आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दुकानों पर खाद, बीज और कीटनाशक बिक्री के लिए जरूरी लाइसेंस तक नहीं हैं, जबकि कई लाइसेंसधारी समय पर नवीनीकरण नहीं कराते। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से ऐसे कारोबारियों के हौसले बढ़े हुए हैं।
किसानों का कहना है कि नकली कीटनाशक दवाओं के उपयोग से फसलों में रोग और कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है, जबकि नकली खाद और बीज के कारण उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इससे खेती की लागत बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता दीनदयाल चौधरी ने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र की खाद, बीज एवं कीटनाशक दुकानों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रमाणित बीज, शुद्ध खाद और गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
वहीं, भाकियू के सदर तहसील अध्यक्ष फूलचंद चौधरी ने कहा कि नकली कृषि उत्पादों की बिक्री किसानों के साथ खुला धोखा है। उन्होंने दोषी दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्तीकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। साथ ही किसानों को जागरूक करने और प्रमाणित दुकानों से खरीदारी करने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी मांग की गई है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages