वैदिक संस्कृति के सजग प्रहरी और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं बच्चे : ओम प्रकाश आर्य
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
मगहर (संतकबीरनगर)। आर्य उप प्रतिनिधि सभा बस्ती मंडल के अंतर्गत आर्य वीर दल खलीलाबाद एवं आर्य समाज मगहर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय आर्य वीर-वीरांगना दल के चरित्र निर्माण शिविर का रविवार को शौर्य प्रदर्शन के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में शिविर के प्रशिक्षार्थियों ने आत्मरक्षा, लाठी संचालन, योग एवं विभिन्न शारीरिक विधाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए आर्य प्रतिनिधि सभा लखनऊ के उपप्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि बच्चे केवल शिविर के शिक्षार्थी नहीं, बल्कि वैदिक संस्कृति के सजग प्रहरी और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के आदर्शों को आत्मसात कर अनुशासन, सदाचार, योग एवं आत्मरक्षा के संस्कारों को जीवन में उतारना ही सच्चे चरित्र निर्माण का आधार है।
मुख्य वक्ता आचार्य शैलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को शारीरिक शक्ति से अधिक नैतिक बल, राष्ट्रभक्ति और उच्च आदर्शों वाले युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों से समाज की कुरीतियों और अज्ञानता के विरुद्ध ज्ञान एवं साहस के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि अमित सिंह (जेई) ने कहा कि अपने पुरुषार्थ से यह सिद्ध करें कि आप उस महान परंपरा के उत्तराधिकारी हैं, जहां वीरता, मर्यादा और संस्कार जीवन का आधार हैं। उन्होंने 'कृण्वन्तो विश्वमार्यम्' के संकल्प को आत्मसात कर समाज के उत्थान में योगदान देने की प्रेरणा दी।
मुख्य प्रशिक्षिका अंजली आर्य एवं प्रशिक्षक राम तनय के निर्देशन में बच्चों ने आत्मरक्षा, लाठी संचालन, योग और अन्य शारीरिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन देवव्रत आर्य ने किया। अंत में सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ शिविर के समापन की घोषणा की गई।
इस अवसर पर कबीर चौरा के संरक्षक महंत विचार दास, मुख्य अतिथि अमित सिंह (जेई), विशिष्ट अतिथि श्रीमती शशिबाला (जेई), आचार्य देवव्रत, जिला प्रभारी एवं आर्य नेता ओम प्रकाश आर्य, अशोक आर्य, उमाकांत, ओम प्रकाश निर्भीक, आर्य वीर दल गोरखपुर के मंडलपति प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment