महादेवा, ( बस्ती )। थाना लालगंज पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता के चलते कुदरहा बाजार में भटक रही दो नाबालिग बच्चियां सकुशल अपने परिजनों तक पहुंच गईं। पुलिस के इस सराहनीय प्रयास से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुदरहा बाजार में लगभग 13 वर्ष एवं 6 वर्ष आयु की दो बच्चियां अपने परिजनों से बिछड़कर इधर-उधर भटक रही हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक लालगंज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
पुलिस ने बच्चियों से बातचीत कर उनकी पहचान तथा परिजनों से संबंधित जानकारी जुटाई। इसके बाद लगातार प्रयास कर उनके रिश्तेदारों का पता लगाया गया। आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों को उनके मौसा-मौसी के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चियों के सकुशल मिलने पर परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई। उन्होंने लालगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय दृष्टिकोण और जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से दोनों बच्चियां सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकीं। पुलिस का यह कार्य आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत करता है।

No comments:
Post a Comment