बस्ती। जनपद की कलवारी थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकली सोना बेचकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन लाख रुपये नकद तथा 3.092 किलोग्राम पीली धातु (नकली सोना) बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी कलवारी के पर्यवेक्षण में यह सफलता मिली। संयुक्त पुलिस टीम ने थाना कलवारी और थाना पुरानी बस्ती में दर्ज ठगी के मामलों का खुलासा करते हुए अगौना बाजार से करीब 200 मीटर पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शंकर सोलंकी (28), मीरा सोलंकी (46) तथा धाबु देवी (65) निवासी गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरोह नकली सोना और चांदी साथ लेकर चलता था तथा कुछ असली आभूषण दिखाकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद सस्ते दाम में सोना बेचने का लालच देकर लोगों से ठगी करता था। शक से बचने के लिए गिरोह में महिलाओं को भी शामिल किया गया था, जिससे लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ठगी की घटनाओं से संबंधित तीन लाख रुपये नकद तथा मटरदाना आकार की 3.092 किलोग्राम नकली सोने की लड़ी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई में कलवारी थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में सक्रिय ठगी गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

No comments:
Post a Comment