गोरखपुर। थाना शाहपुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के एक लाख रुपये वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार 25 मार्च 2026 को साइबर अपराधियों ने आवेदक के बैंक खाते से 1 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना शाहपुर की साइबर टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मामला दर्ज कराया और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड कराया।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप सोमवार को पीड़ित के खाते में पूरी एक लाख रुपये की राशि वापस करा दी गई।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजीव यादव, महिला उपनिरीक्षक हर्षिता सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए कुंदन कुमार तथा आरक्षी यश पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से साइबर ठगी के पीड़ितों में राहत और विश्वास का माहौल है।

No comments:
Post a Comment