गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे पर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून 2026 तक चलाए जा रहे ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान’ के तहत रविवार को मुख्यालय एवं विभिन्न मंडलों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रमुख स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, डिपो और चिकित्सालयों में जल एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।
लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में गोरखपुर, लखनऊ जंक्शन और बस्ती स्टेशनों पर जल एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर जनजागरूकता मार्च (प्रभात फेरी) निकाली गई। यात्रियों और कर्मचारियों को ऊर्जा बचत, बायो कम्पोस्टर के उपयोग, ई-कचरे के उचित निस्तारण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान ऊर्जा संरक्षण संबंधी पोस्टर भी वितरित किए गए।
वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के नेतृत्व में आजमगढ़, बनारस, वाराणसी सिटी, बलिया, छपरा, मऊ, देवरिया सदर, सीवान समेत कई स्टेशनों पर जल संरक्षण अभियान चलाया गया। वृक्षारोपण, पौधा वितरण, सफाई अभियान और कपड़े के झोलों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सोशल मीडिया, पोस्टर और डिजिटल माध्यमों से भी जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।
इज्जतनगर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा की निगरानी में जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर आधारित जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित हुए। कर्मचारियों, यात्रियों और वेंडरों को ऊर्जा दक्ष व्यवहार अपनाने, एलईडी के उपयोग, पुनर्चक्रण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। रेलवे ने मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment