बस्ती। शहर के खौरहवा मोहल्ला निवासी शिक्षक अजय प्रताप चौधरी एवं शिक्षिका कविता चौधरी के बड़े पुत्र उत्कर्ष चौधरी ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर लगातार कई महत्वपूर्ण सफलताएं अर्जित कर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
उत्कर्ष ने पिछले माह घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इसके साथ ही उन्होंने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स में 99.61 परसेंटाइल हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया। सफलता का यह क्रम यहीं नहीं रुका और 1 जून 2026 को घोषित देश की सबसे कठिन एवं प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड में भी उन्होंने शानदार सफलता प्राप्त की।
उत्कर्ष ने हाईस्कूल तक की शिक्षा सेंट बेसिल्स स्कूल, बस्ती से प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2024 में आईसीएसई बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। इसके बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा श्रीराम पब्लिक स्कूल, बस्ती से प्राप्त की।
बचपन से ही मेधावी रहे उत्कर्ष की इस त्रिस्तरीय एवं ऐतिहासिक सफलता से परिवार में हर्ष का माहौल है। उपलब्धि की सूचना मिलते ही उनके आवास पर शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों का तांता लग गया। बधाई देने वालों में राम भरत वर्मा, गिरजा शंकर चौधरी, सुभाष चौधरी, प्रताप नारायण चौधरी, रामबचन वर्मा, ध्रुव कुमार गुप्ता, सत्यनारायण, हरिप्रसाद मिश्रा सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने उत्कर्ष को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्कर्ष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा अपनी निरंतर मेहनत को दिया है।

No comments:
Post a Comment