वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद संतकबीरनगर के सभी थानों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित योजनाओं और सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया। थाना कोतवाली खलीलाबाद की टीम ने गोला बाजार और विधियानी, महिला थाना टीम ने समय माता मंदिर, मधुकुंज तिराहा एवं मेहदावल बाईपास, थाना दुधारा पुलिस ने बरडाड, पोखर भिटवा और भिउरा, थाना महुली पुलिस ने नोक्ता, थाना बखिरा पुलिस ने संतोषपुर एवं सहजनवा मोड़ तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने सुकरौली, धर्मसिंहवा, मेहंदूपार और गौरीराई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय भी बताए और किसी भी प्रकार की उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने चौपालों में महिलाओं को निडर होकर अपनी बात रखने तथा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

No comments:
Post a Comment