वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जनपद के विकास खंड हैसर बाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरसी में युवा खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ग्रामीण मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। जिला युवा कल्याण अधिकारी रामप्रताप सिंह ने बताया कि तहसील एवं विधानसभा धनघटा क्षेत्र में स्थित इस स्टेडियम का निर्माण युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा कराया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समय-समय पर निरीक्षण भी किया गया।
ग्रामीण मिनी स्टेडियम में इनडोर और आउटडोर दोनों प्रकार के खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मल्टीपरपज हॉल में बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा सकेगा। वहीं भवन के ऊपरी तल पर टेबल टेनिस के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए बालक एवं बालिकाओं हेतु अलग-अलग शौचालय तथा चेंजिंग रूम भी निर्मित किए गए हैं।
स्टेडियम परिसर में फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, दौड़ प्रतियोगिता सहित अन्य आउटडोर खेलों के आयोजन की भी व्यवस्था की गई है। लगभग तीन एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित यह स्टेडियम सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है, जिससे आसपास के सैकड़ों गांवों के खिलाड़ियों और युवाओं को लाभ मिलेगा।
रामप्रताप सिंह ने बताया कि स्टेडियम का संचालन युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जाएगा। वर्तमान वित्तीय वर्ष में यहां खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। इसके अलावा स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे छह पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि विकास खंड बघौली की ग्राम पंचायत चन्दनी, विधानसभा मेहदावल में एक अन्य ग्रामीण मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो अगले वर्ष तक पूर्ण होकर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा।

No comments:
Post a Comment