<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 2, 2026

बालिका मदद योजना से 1900 परिवारों को मिला सहारा

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। माताओं, नवजात शिशुओं और बालिकाओं के सामाजिक एवं आर्थिक संरक्षण के उद्देश्य से संचालित मातृ, शिशु एवं बालिका मदद योजना जनपद बस्ती में जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को समय पर वित्तीय सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

जनपद में योजना के प्रभावी संचालन का ही परिणाम है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 433 लाभार्थियों को 1 करोड़ 89 लाख 93 हजार 498 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 1900 हो गई और 8 करोड़ 63 लाख 28 हजार 56 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। यह उपलब्धि योजना के प्रति बढ़ती जागरूकता और प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाती है।

योजना का उद्देश्य माताओं, नवजात शिशुओं एवं बालिकाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। सहायता राशि मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि जीवन के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती हैं। ऐसे में यह योजना न केवल तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि बालिकाओं और नवजात शिशुओं के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।

जनपद प्रशासन द्वारा पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाकर सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है।

मातृ, शिशु एवं बालिका मदद योजना ने बस्ती में हजारों परिवारों को आर्थिक संबल और नई उम्मीद प्रदान की है। महिला एवं बाल कल्याण की दिशा में यह योजना एक प्रभावी पहल के रूप में सामने आई है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को सुरक्षा और सम्मान का एहसास हो रहा है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages