<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 2, 2026

वेब्स ओटीटी ने पार किया 1 करोड़ उपयोगकर्ताओं का आंकड़ा, सार्वजनिक डिजिटल मीडिया को मिली नई मजबूती

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


नई दिल्ली। प्रसार भारती के डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म वेब्स ओटीटीने लॉन्च के दो वर्ष से भी कम समय में 1 करोड़ पंजीकृत उपयोगकर्ताओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि को भारत के सार्वजनिक डिजिटल मीडिया पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

वेब्स ओटीटी वर्तमान में मनोरंजन, समाचार, शिक्षा, संस्कृति, अध्यात्म और लोकसेवा से जुड़ी 24 हजार से अधिक कंटेंट शीर्षकों तथा 15 हजार घंटे से अधिक सामग्री के साथ देश का सबसे विविधतापूर्ण सार्वजनिक स्ट्रीमिंग मंच बन गया है। प्लेटफॉर्म पर 140 से अधिक लाइव टीवी चैनल, 200 से अधिक रेडियो सेवाएं, लाइव इवेंट स्ट्रीमिंग, पीएम ई-विद्या के शैक्षिक चैनल, डिजिटल प्रकाशन और प्रमुख मंदिरों के लाइव प्रसारण उपलब्ध हैं।

मोबाइल, वेब और कनेक्टेड टीवी उपकरणों पर उपलब्ध यह प्लेटफॉर्म अब 130 से अधिक देशों तक अपनी पहुंच बना चुका है। विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध सामग्री के माध्यम से यह दर्शकों को निःशुल्क सार्वजनिक हित और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम उपलब्ध करा रहा है।

प्रसार भारती के अनुसार यह उपलब्धि डिजिटल युग में सार्वजनिक सेवा मीडिया की बढ़ती स्वीकार्यता और प्रासंगिकता को दर्शाती है। वेब्स ओटीटी ने टेलीविजन, रेडियो, ऑन-डिमांड कंटेंट, शिक्षा, संस्कृति और विरासत को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की अपनी परिकल्पना को सफलतापूर्वक साकार किया है।

प्लेटफॉर्म ने सामग्री के विस्तार, डिजिटल साझेदारियों, बेहतर तकनीकी सुविधाओं और उपयोगकर्ता अनुभव में सुधार के माध्यम से लगातार विकास दर्ज किया है। हाल के दिनों में जोड़ी गई भक्तिमय लाइव स्ट्रीमिंग, शैक्षिक सामग्री, डिजिटल प्रकाशन, अभिलेखीय संग्रह और लाइव इवेंट कवरेज जैसी सुविधाओं ने दर्शकों की सहभागिता को और मजबूत बनाया है।

1 करोड़ से अधिक पंजीकृत उपयोगकर्ताओं और 1.4 करोड़ से अधिक डाउनलोड्स के साथ वेब्स ओटीटी अब मार्च 2027 तक 2 करोड़ पंजीकृत उपयोगकर्ताओं का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि वेब्स ओटीटी को भारत के सबसे तेजी से विकसित हो रहे सार्वजनिक सेवा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करती है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages