बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के हथिरजा गांव निवासी आमिना खान पत्नी अकबर खान ने मण्डलायुक्त एवं पुलिस के उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
दिए गए पत्र में आमिना खान ने बताया कि 19 मई को वह अपने घर की बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य करा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी जहीर अहमद पुत्र सिराज अहमद एवं बिन्नो पुत्री सिराज अहमद उनके घर में घुस आए। विरोध करने पर जहीर अहमद ने उनकी पुत्री के साथ मारपीट की तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का प्रयास किया।
आमिना खान के अनुसार, घटना के दौरान उनकी पुत्री ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। मुण्डेरवा थाने में घटना की जानकारी देने के बाद जब वे घर लौटीं तो आरोपियों द्वारा उनके पति के मोबाइल फोन पर लगातार धमकियां दी जाने लगीं।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी उनकी पुत्री और परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment