वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को प्रेस क्लब बस्ती में हिन्दी पत्रकारिता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं उपज के प्रदेश सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि 30 मई 1826 को उदन्त मार्तण्ड के प्रकाशन के साथ हिन्दी पत्रकारिता की शुरुआत हुई थी। डिजिटल युग के बावजूद आज भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता बनी हुई है और पाठकों का समाचार पत्रों से जुड़ाव कायम है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने हिन्दी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में परिवर्तन आया है, लेकिन इसकी प्रासंगिकता आज भी बरकरार है।
प्रेस क्लब के संरक्षक प्रकाश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता का महत्व कभी कम नहीं होगा। वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि पत्रकारिता का मूल आधार समाज और मनुष्य है, इसलिए समय के अनुरूप स्वयं को ढालना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब बस्ती की ओर से वरिष्ठ पत्रकार जयंत कुमार मिश्र को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि, शील्ड एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय ने की। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी हितेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment