संतकबीरनगर। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को थाना कोतवाली खलीलाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 1195/2025 से संबंधित वांछित अभियुक्त शिवा उर्फ शिवम पुत्र बाबूलाल निवासी मुडाड़ीहा खुर्द, थाना दुधारा, जनपद संतकबीरनगर को बगहिया मोड़ इंडस्ट्रियल तिराहा के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 333, 351(3), 352 एवं 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। वादिनी ने 25 दिसंबर 2025 को थाना कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने उसके घर में घुसकर दुष्कर्म किया तथा मारपीट और गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी थी।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
No comments:
Post a Comment