वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई 2026) के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह एवं प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय नासिर अहमद उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधान न्यायाधीश ने राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण की कार्ययोजना पर चर्चा की। प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सभी न्यायालयों से नोटिसों की तामीला कराई जा रही है तथा लोक अदालत की सभी आवश्यक तैयारियां जोरों पर हैं।
प्रधान न्यायाधीश नासिर अहमद ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि लोग आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रतिभाग कर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि ऐसे पारिवारिक विवाद, जो किसी न्यायालय में लंबित नहीं हैं, उन्हें प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराया जा सकता है। इसके लिए पक्षकार को मात्र एक प्रार्थना पत्र में अपने विवाद का विवरण प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों का आदेश न्यायालय की डिक्री के समान मान्य होगा।

No comments:
Post a Comment