बस्ती। जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनसहभागिता के माध्यम से कुवानो नदी के जीर्णोद्धार अभियान के तहत विकास खंड गौर की ग्राम पंचायत पड़री स्थित शिवाघाट पर नदी सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता जटाशंकर शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान सरोज गौतम एवं खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं घाट पर सफाई कर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जटाशंकर शुक्ल ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जिस प्रकार शरीर में धमनियां रक्त प्रवाह का कार्य करती हैं, उसी प्रकार नदियां जीवन और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत की अधिकांश महान सभ्यताएं और नगर नदियों के किनारे विकसित हुए हैं। भारतीय संस्कृति में नदियां आस्था, चेतना और जीवन का प्रतीक हैं।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नदियां अपने मूल स्वरूप को खोती जा रही हैं। जल स्तर में गिरावट और बढ़ते प्रदूषण के कारण उनका अस्तित्व संकट में पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह अपनी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में योगदान दे। उन्होंने लोगों से कुवानो नदी के जीर्णोद्धार अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नदी को पुनः अविरल एवं स्वच्छ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता अमरदीप शुक्ल, क्षेत्र पंचायत सदस्य विशाल सिंह, सहायक विकास अधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, श्याम बिहारी, रामललन मिश्रा, ग्राम पंचायत सचिवगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment