बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में विकास कार्यों की मासिक मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जल जीवन मिशन की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता जांच कराने तथा पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री आवास (ग्रामीण), जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, आईसीडीएस पोषण अभियान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों के निर्माण एवं सीएमआईएस के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है, उनमें तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर कार्यों का भौतिक सत्यापन करने तथा अपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड करने पर जोर दिया।
बैठक में गेहूं खरीद, खरीफ गोष्ठी, खाद-बीज की उपलब्धता तथा नहरों में पानी की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., जिलाधिकारी संत कबीर नगर आलोक कुमार सहित मंडल एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment