संतकबीरनगर। कम्युनिटी पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से थाना महुली में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय ने की।
बैठक के दौरान ग्राम प्रहरियों से उनके गांवों की वर्तमान स्थिति, कानून एवं शांति व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं, वृद्ध एवं असहाय व्यक्तियों की स्थिति तथा दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही ऐसे लोगों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जिन्हें पुलिस या प्रशासनिक स्तर पर सहायता की आवश्यकता है।
थानाध्यक्ष ने प्रहरियों को निर्देशित किया कि वे अपने गांवों में अकेले रहने वाले वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की जानकारी नियमित रूप से पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर उनकी सहायता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, बाहरी व्यक्तियों के आगमन, आपसी विवादों, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना से तत्काल पुलिस को अवगत कराने के लिए भी प्रेरित किया।
बैठक में ग्राम प्रहरियों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया तथा पुलिस एवं ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग और सूचनाओं के आदान-प्रदान से अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
महुली पुलिस ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है तथा कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment