गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सेंट्रल मार्केट, पुराना बस अड्डा स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा की अध्यक्षता में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उनके जीवन, व्यक्तित्व और जनकल्याणकारी कार्यों को याद करते हुए उन्हें भारतीय इतिहास की आदर्श, न्यायप्रिय और लोकप्रिय शासक बताया गया।
जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में बिना किसी जातीय, धार्मिक अथवा सामाजिक भेदभाव के जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति, धर्म और लोककल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए तथा स्वयं को शासक नहीं बल्कि ईश्वर की सेविका मानते हुए अपना जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर नियमित रूप से जनता की समस्याएं सुनती थीं और उनके समाधान के लिए कार्य करती थीं। उनके शासनकाल में व्यापार, उद्योग, कृषि और वस्त्र उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई। महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं, तालाबों और जनोपयोगी संरचनाओं का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया। सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका आज भी प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने “अहिल्याबाई अमर रहें” तथा “जब तक सूरज चांद रहेगा, अहिल्याबाई का नाम रहेगा” के नारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, उदय सिंह पाल, जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, अश्वनी त्यागी, तरुण शर्मा, सविता गौतम, सूर्य रविंद्र कुमार, कुलदीप कुमार बेनीवाल, विश्व पाल, सीमा, नजमीन, अनवर कुरैशी, नाजिम, राजाराम भारती, राहुल गौतम, महफूज खान, विनोद धाम, सीताराम प्रजापति, रिंकू माथुर, राजन चित्तौड़िया, आचार्य विकास कुमार त्यागी, पुष्पेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment