बस्ती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण में जब बस्ती जनपद का नाम गूंजा तो पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा हो गया। प्रधानमंत्री ने मनोरमा नदी को स्वच्छ और संरक्षित करने के लिए वर्षों से जुटे युवा समाजसेवी आकाश गुप्ता और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आकाश गुप्ता ने केवल समस्या की चर्चा नहीं की, बल्कि समाधान का रास्ता चुना। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर मनोरमा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया और लगातार श्रमदान कर नदी से प्लास्टिक, जलकुंभी एवं अन्य कचरे को बाहर निकालने का कार्य किया। उनके प्रयासों से मनोरमा नदी का स्वरूप बदलने लगा है और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
राष्ट्रीय मंच से बस्ती के एक युवा के कार्यों का उल्लेख होने से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे पूरे जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया। पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने आकाश गुप्ता और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान हर उस युवा के लिए प्रेरणा है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सपना देखता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बताया कि जिले के सभी 2312 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बस्ती के युवा के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलना जनपद के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
मनोरमा नदी संरक्षण अभियान को मिली यह राष्ट्रीय पहचान न केवल बस्ती के लिए सम्मान का विषय है, बल्कि यह संदेश भी है कि युवा शक्ति यदि संकल्प ले तो समाज और पर्यावरण में बड़ा परिवर्तन संभव है।

No comments:
Post a Comment