बस्ती। रविवार को प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर आम आदमी पार्टी ने जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में जिला विद्युत उपकेंद्र पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और स्मार्ट मीटर के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। मालवीय रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को चार सूत्रीय ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही कथित लूट को तत्काल रोका जाए, योजना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों व संबंधित कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा उपभोक्ताओं और किसानों को राहत देने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।
जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता का आर्थिक शोषण हो रहा है। लाखों उपभोक्ता गलत रीडिंग, मनमाने बिल और तकनीकी खामियों से परेशान हैं, जिससे जनाक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की।
जिला प्रभारी कुलदीप जायसवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती और प्रीपेड स्मार्ट मीटर की खामियों ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं, जिससे आम नागरिकों का जीवन और आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक तस्वीरें जलाकर विरोध जताया और राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की। इस मौके पर जिला महासचिव चन्द्रभान कन्नौजिया, राम सजन सूर्यवंशी, आशीष जायसवाल, मिथलेश भारती सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment