बस्ती। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित वशिष्ठ महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को जनपद उत्सव के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। अमर बलिदानी सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह से ही खिलाड़ियों, कलाकारों और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भव्य वशिष्ठ यात्रा ने पूरे शहर को उत्साह से भर दिया। तिरंगा लिए हजारों प्रतिभागियों ने देशभक्ति नारों के साथ शहर का भ्रमण कर आयोजन को यादगार बना दिया। इसके बाद 51 किलो का केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया, जिसमें सभी ने मिलकर खुशियां साझा कीं।
दिनभर खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी और हैंडबॉल के मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, वहीं सेमीफाइनल तक पहुंची टीमों ने फाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।
शाम को आयोजित कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कवियों की ओजपूर्ण और हास्य रचनाओं ने दर्शकों को बांधे रखा, जबकि कथक और लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया।
पूरा आयोजन बस्ती की सांस्कृतिक विरासत, खेल प्रतिभा और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा, जिसने स्थापना दिवस को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बना दिया।

No comments:
Post a Comment