संतकबीरनगर। जनपद में चलाए जा रहे "क्रैक साइबर क्राइम अभियान" के तहत महुली थाना पुलिस एवं साइबर क्राइम हेल्प डेस्क ने साइबर ठगी के शिकार एक युवक को 50 हजार रुपये की धनराशि वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना महुली क्षेत्र के छितही निवासी असजद हुसैन पुत्र अतहर हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने कोयला उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे धनराशि प्राप्त कर ली, लेकिन न तो कोयला उपलब्ध कराया गया और न ही रकम वापस की गई।
शिकायत मिलने के बाद महुली पुलिस एवं साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंकिंग और तकनीकी माध्यमों से आवश्यक कार्रवाई शुरू की। लगातार प्रयासों और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में 50 हजार रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
धनराशि रिकवर कराने वाली टीम में थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक अनुज यादव, कांस्टेबल अंकित पटेल, सोनू यादव, मनोज यादव तथा महिला कांस्टेबल कमलेश कुमारी शामिल रहे।
जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें तथा अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। पुलिस का कहना है कि सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

No comments:
Post a Comment