गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के मार्गदर्शन में चल रहे पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को यांत्रिक कारखाना, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर में ‘नो व्हीकल डे’ के अवसर पर ग्रीन पैडल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों, यूनियन प्रतिनिधियों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य कारखाना प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने कारखाना परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर साइकिल चलाते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु, प्रदूषण नियंत्रण तथा मोटर वाहनों पर निर्भरता कम करने का संदेश दिया। रैली के दौरान बैनर और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव आवश्यक हैं। कम दूरी के लिए साइकिल और अन्य पर्यावरण-अनुकूल साधनों का उपयोग कार्बन उत्सर्जन कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से हरित विकल्पों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी ली। कारखाना रंगमंच कर्मियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर प्रकृति संरक्षण और जिम्मेदार जीवनशैली का संदेश दिया गया।
रेलवे यांत्रिक कारखाना गोरखपुर वर्ष 2029 तक कार्बन न्यूट्रल बनने के लक्ष्य पर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में हाल ही में परिसर में 2500 पौधों का रोपण किया गया है तथा शीघ्र ही 500 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment